लखीमपुर खीरी। बांस पर तार बांध रहे मोहल्ला कमलापुर निवासी बिजली मिस्त्री को करंट लग गया। हालत बिगड़ने पर दुकान स्वामी युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा और परिवारवालों को तबियत खराब होने की जानकारी देकर उसे अस्पताल में डालकर खिसक गया। सूचना मिलने पर परिवारवाले जब तक पहुंचते, इससे पहले ही युवक ने दम तोड़ दिया।
मोहल्ला कमलापुर निवासी तनु अवस्थी ने बताया कि उनका भाई अतुल अवस्थी(24) बिजली मिस्त्री था और छाउछ के पास स्थित एक बिजली की दुकान पर काम करता था। बृहस्पतिवार को भी अतुल दुकान पर काम करने गया था। उन्होंने बताया कि मोहल्ला मोतीनगर में दुकान स्वामी उसके भाई से बांस पर बिजली का तार बंधवा रहे थे। इसी बीच भाई को करंट लग गया, जिससे भाई लोहे की सीढ़ी से नीचे गिर गया। हालत बिगड़ने पर दुकान स्वामी भाई को जिला अस्पताल लाए लेकिन भर्ती कराने की बजाय उसे बरामदे में तड़पते हुए छोड़कर भाग निकला। इसी बीच भाई के मोबाइल से दुकान स्वामी ने कॉल कर परिवार वालों को सूचना दी कि अतुल की तबियत अधिक खराब है और वह जिला अस्पताल में है। सूचना से परिवार में हड़कंप मच गया। वह परिवार के अन्य लोगों के साथ जब तक अस्पताल पहुंचते, इससे पहले ही भाई ने दम तोड़ दिया। भाई का शव देखते ही परिवार में चीखपुकार मच गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सदर कोतवाल कुलदीप तिवारी ने बताया कि पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।