रफीक हत्याकांड में कई संदिग्धों से पूछताछ
महेवागंज। रफीक हत्याकांड की गुत्थी 24 घंटे बाद भी नहीं सुलझ पाई है। मौत से जुड़े पहलुओं की जांच को लेकर पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो पूछताछ में उसे कुछ ऐसे सुराग मिले हैं, जिससे हत्याकांड में किसी अपने के शामिल होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
शहर से सटे बनवारीपुर गांव में मंगलवार की रात चौकीदार 60 वर्षीय रफीक की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के पुत्र इमामबक्स ने समीप के गांव निवासी इमरान पर हत्या का शक जताते हुए उसे नामजद किया था। उसको आशंका है कि कुछ दिन पहले पिता ने इमरान को आम तोड़ने के लिए डांटा था। शायद इसी प्रतिशोध में उसने रफीक की जान ले ली। पुलिस ने बुधवार सुबह आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। हालांकि पारिस्थितिजन्य स्थिति और आरोपी से की गई पूछताछ में पुलिस उलझ कर रह गई है। परिजनों के दावे की बात भी किसी के गले नहीं उतर रही है। मृतक के झाड़ फूंक और नीम हकीमी से जुड़े होने की चर्चाओं पर भी पुलिस जांच कर रही है। मृतक के घर आने जाने वालों और परिवार से संपर्क में रहने वालों पर भी पुलिस नजरें गड़ाए है। सूत्रों की मानें तो कुछ चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं जिससे पुलिस जल्दबाजी में कोई कदम उठाना नहीं चाह रही है।
बाक्स वर्जन
अभी जांच चल रही है। मामला काफी पेचीदा है, घटना का सही और जल्द वर्कआउट किया जाएगा।
आरके वर्मा, सीओ सिटी