पांच घर जले, लाखों का नुकसान
मंझरा में दैनिक मजदूरों की बस्ती में लगी आग
महेवागंज। सदर तहसील की ग्राम सभा बुढनापुर महेवा के मझराफार्म निवासी मुश्ताक के यहां बुधवार की रात करीब तीन बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घर के लोग सो रहे थे। लपटों से उनकी नींद टूटी और सभी ने भागकर जान बचाई। आग की चपेट में आने से पड़ोसी मुश्ताक, बंदेहसन, महमूद, अलीहसन और नूरजहां के घर भी जलकर राख हो गए। आग से सामान बचाते समय बुजुर्ग नूरजहां भी झुलस गई। घरवालों ने उसकी प्राइवेट अस्पताल में मरहम पट्टी कराई। पीड़ितों के मुताबिक इस अग्निकांड में उनकी दो बाइक, आठ साइकिल, कपड़े, अनाज, डेढ़ लाख की नकदी, करीब दो लाख के जेवर जल गए हैं। आरोप है कि सूचना के बावजूद भी कोई राजस्व कर्मचारी ने मौका मुआयना नहीं किया है। तहसीलदार सदर राजेश चंद्र ने बताया कि जानकारी मिली है। क्षेत्रीय लेखपाल को मौके की जांच पड़ताल कर पीड़ितों की मदद करने के निर्देश दिए गए हैं।
रामनगर में आग से एक घर जला
गुलरिया। भीरा थाना क्षेत्र के गांव रामनगर कलां में बुधवार की रात करीब 12 बजे श्रीपाल दिवाकर के घर में आग लग गई, जिससे छप्परदार घर में रखे कपड़े, बर्तन अनाज जलकर नष्ट हो गया।