निघासन। साइकिल से स्कूल जा रही दो सगी बहनों को ओवरलोड ट्रक ने रौंद दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से हालत खराब होने पर डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय 14 वर्षीय पिंकी ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक मौके से फरार हो गया।
गांव मंझिली पुरवा निवासी कामता प्रसाद की 14 वर्षीय पुत्री पिंकी, 12 वर्षीय पुत्री सुनीता कस्बे के पलिया रोड स्थित द्वारिका प्रसाद गायत्री इंटर कॉलेज में कक्षा छह और सात में पढ़तीं हैं। पिंकी, छोटी बहन सुनीता को मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे साइकिल पर बैठाकर स्कूल जा रही थी। मुंसिफ कोर्ट के पास वे दोनों पहुंची थी। इसी बीच कस्बे की ओर आ रहे ओवरलोड ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी। दोनों बहनें साइकिल से गिर गईं। ट्रक दोनों को रौंदता हुआ निकल गया। मौके पर पहुंचे गौढ़ी पुरवा निवासी सतेंद्र यादव और संजय ने ट्रक रुकवाकर चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग निकला। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कार्रवाई करने की मांग करते हुए ट्रक को मौके पर ले लिया। मौके पर पहुंची सीओ प्रीति त्रिपाठी, एसओ अजय यादव ने लोगो को समझाबुझाकर ट्रक कब्जे में लिया और उसे थाने लाए। छात्रा पिंकी की मौत से उसकी मां कामिनी, पिता कामता प्रसाद, भाई जसवंत, बहन क्रांति का रोरोकर बुरा हाल है।
--
नहीं उठा यूपी 100 का फोन घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना देना चाहा। आरोप है कि कई बार घंटी जाती रही, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। घटना के करीब आधे घंटे बाद मौके पर पुलिस पहुंची।
--
इंटर लॉकिंग भी बनीं हादसे की वजह
निघासन से झंडी जाने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क की चौड़ाई तीन मीटर है। सड़क के दोनों तरफ करीब दो से ढाई मीटर की पटरी बनी है। पटरी पर मुंसिफ कोर्ट को जाने के लिए इंटर लॉकिंग सड़क का निर्माण किया गया है, जिससे सड़क पर साइड लेने की जगह नहीं बची है। इंटर लॉकिंग सड़क के दोनों तरफ गड्ढे खुदे हैं। छात्रा पिंकी और सुनीता ने साइड लेने का प्रयास किया, लेकिन गड्ढा होने के कारण वे लोग नीचे नहीं जा सकी और ट्रक तेज रफ्तार में होने के कारण रौंदते हुए चला गया।
--
अस्पताल में नहीं मिले डॉक्टर घायल पिंकी और सुनीता एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचीं। वहां पर कोई सरकारी डॉक्टर मौजूद नहीं था। अस्पताल के कर्मचारी रामचंद्र और प्राइवेट कंपाउडर ने प्रथम दृष्टया इलाज चालू किया। करीब 14 मिनट बाद आए डॉक्टर ने रेफर का पर्चा बनाया।
0000000
वर्जन......
ट्रक यूपी 31 टी 8308 को कब्जे में लिया गया है। चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। चालक काफी स्पीड में था, जिसके चलते हादसा हुआ है।
-अजय यादव, एसओ