धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के गांव डिहुहा के बाहर मिले 10 साल के बालक के शव का शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। इसमें गला दबाकर मौत का कारण सामने आया है। मृतक के पिता ने पड़ोसी गांव के लोगों पर जमीन की रंजिश में बेटे की हत्या करने की आशंका जताई है। हालांकि उन्होंने अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
गांव डिहुहा गांव निवासी राम चरण गौतम का दस वर्षीय बेटा मोनू घर से शुक्रवार दोपहर खेलने निकला था। अंधेरा होने तक वापस नहीं लौटा तो घर वालों को उसकी चिंता हुई। पिता ने बेटे की गांव वालों के साथ तलाश शुरू की तो उसका शव अमेठी रोड़ पर एक खेत में पड़ा मिला। पिता के मुताबिक बेटे मोनू के शव पर जलने के निशान थे। पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा था। शव का शनिवार को पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मोनू की गला दबाकर हत्या होने की बात सामने आई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव घर वालों को सौंप दिया। पिता ने बताया कि पड़ोसी गांव के कुछ लोगों से उसकी जमीनी की रंजिश चल रही है। इसी रंजिश के चलते उसके बेटे की हत्या की गई है। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पिता की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यदि हत्या की पुष्टि होती है और आरोपित तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाई की जाएगी।