नगर निकाय चुनाव का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। एसपी ने जिले को 15 जोन और 33 सेक्टरों में बांट दिया है। हरदोई, लखनऊ और शाहजहांपुर से भी दरोगा और सिपाही बुलाए गए हैं। जिले भर के मतदान केंद्रों पर 264 दरोगा समेत 2807 पुलिसकर्मी तैनात होंगे। इसके अलावा 2316 होमगार्ड, एक कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स और पीएसी भी जिले में मौजूद रहेगी।
जिले की चार नगर पालिका और छह नगर पंचायतों के अध्यक्ष और सदस्य पद के लिए 29 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। इसको लेकर एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचा है। हरदोई, शाहजहांपुर और लखनऊ से भी पुलिसकर्मी चुनाव संपन्न कराने में लगाए जाएंगे। एसपी ने लखीमपुर शहर को तीन जोन, छह सेक्टर में बांटा गया है। गोला, मोहम्मदी और पलिया में दो-दो जोन और पांच-पांच सेक्टर बनाए गए हैं। नगर पंचायत खीरी, ओयल, मैलानी, बरबर, धौरहरा और सिंगाही को एक-एक जोन, दो-दो सेक्टर में बांटा गया गया है।
कुल 97 मतदान केंद्रों पर 425 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। 264 दरोगा, 113 हेड सिपाही, 1303 सिपाही और 1583 होमगार्ड मतदान स्थलों पर तैनात रहेंगे। जोनल, सेक्टर आदि मजिस्ट्रेटों के साथ 165 दरोगा, 89 हेड सिपाही, 873 सिपाही और 733 होमगार्ड रहेंगे। इसके अलावा एक कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स और पीएसी भी मतदान स्थलों से लेकर चुनाव में लगे अफसरों के साथ रहेगी।
47 जगहों पर लगेंगे बैरियर
मतदान के दिन संबंधित थानों के बैरियर और अंतरजनपदीय मार्गों को सील किया जाएगा। इसके लिए 47 बैरियर लगाए जाएंगे। बैरियरों पर मतदान से 36 घंटे पहले ही फोर्स तैनात कर दिया जाएगा। शहर में लालपुर क्रॉसिंग, भंसडिया, राजापुर चौकी, रामापुर तिराहा, उल्ल नदी पुल, सुआगाढ़ा, छाउछ चौराहा पर बैरियर लगेंगे। इसके अलावा गोला, मोहम्मदी, पलिया, सिंगाही, बरबर, मैलानी, धौरहरा और ओयल में भी बैरियर लगाए जाएंगे।
छह मतदान केंद्रों पर रहेगी विशेष चौकसी
जिले में बनाए गए 97 मतदान केंद्रों में से 22 संवेदनशील, 63 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित हैं। इनमें से छह मतदान केंद्र ऐसे हैं जिन्हें अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्र की श्रेणी में रखा गया है, जिनमें गोला के तीन, मोहम्मदी, खीरी और धौरहरा का एक-एक मतदान केंद्र शामिल है। इन मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सारी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। जिले भर में 47 बैरियर लगाए जाएंगे। थानेदारों के नेतृत्व में दस मोबाइल टीमें भी बनाई गई हैं। मतदान के दौरान अशांति पैदा करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आएगी।
- डॉ. एस चन्नप्पा, एसपी खीरी