हादसे में बाइक सवार सास-बहू की मौत
- फोटो : लखीमपुर खीरी, अमर उजाला
लखीमपुर खीरी/मैगलगंज। नेशनल हाईवे स्थित कस्बे के मेन चौराहे पर लखनऊ की ओर से आए बेकाबू कैंटर (ट्रक) ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार सास-बहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे युवक ने रोड किनारे कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। पुलिस ने दोनों महिलाओं को तुरंत एंबुलेंस से मितौली सीएचसी भेजा, जहां डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक कैंटर छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया है।
कस्बे से सटे गांव लिधिआई निवासी रामकुमार की पत्नी रामकली(48) शुक्रवार दोपहर अपनी बहू रीता देवी(22) पत्नी लल्लूप्रसाद को दवा दिलाने बाइक से भतीजे जगदीश के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खखरा जा रही थीं। बहू रीता देवी सात माह की गर्भवती थी।
पीएचसी में डॉक्टर न मिलने पर बाइक से तीनों लोग वापस मैगलगंज कस्बे में खरीददारी करने आ रहे थे। रास्ते में कस्बे के मुख्य चौराहे पर जैसे ही बाइक पहुंची, तभी लखनऊ की तरफ से आ रहे कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक पर पीछे बैठी दोनों महिलाएं कैंटर के पहिये के नीचे आ गईं, जबकि बाइक चला रहे जगदीश ने सड़क किनारे छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद भगदड़ मच गई। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए मितौली सीएचसी भेजा, जहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वहीं से दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। वहीं हादसे के बाद चालक भाग निकला, जबकि कैंटर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
हादसे के चश्मदीद व मृतका के भतीजे जगदीश की तहरीर पर पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद गांव लिधिआई में मृतका के परिवार में कोहराम मच गया। एक साथ सास-बहू की मौत से ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।
पलक झपकते ही सपना चकनाचूर
लिधिआई गांव निवासी रामकुमार के तीन बेटे लल्लू प्रसाद, सुमित, संतोष व दो पुत्रियां मुनि देवी और राधेश्री हैं। रामकुमार ने अपने बड़े बेटे लल्लू प्रसाद का विवाह डेढ़ साल पहले सीतापुर जिले के बीहटगौड़ गांव निवासी रामानंद की बेटी रीता के साथ किया था। मृतका रीता के गर्भ में एक मासूम पल रहा था। शुक्रवार को भी रीता अपनी सास रामकली के साथ खखरा स्थित पीएचसी गई थीं। वापस मैगलगंज सामान खरीदने के लिए आते समय हुए हादसे में दोनों सास-बहू सहित अजन्मे शिशु की मौत हो गई, जिससे पलक झपकते ही परिवार के सारे सपने चकनाचूर हो गए।