शारदानगर (लखीमपुर खीरी)। जाल पकड़ने के प्रयास में शारदा नदी में डूबे युवक की तलाश पुलिस ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से दूसरे दिन भी करती रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाशी अभियान में भी दिक्कतें आ रही हैं। उधर पुलिस ने दूसरे दिन भी आरोपी ठेकेदार के मुंशी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
थाना धौरहरा के खैरापुरवा गांव निवासी प्रदीप गुरुवार सुबह आठ बजे मछली मारने के लिए जाल लेकर शारदा बैराज पहुंचा और गेट नंबर एक के पास नदी में जाल लगाकर कुछ दूरी पर बैठ गया था। आरोप है कि करीब दो घंटे बाद ठेकेदार के एक मुंशी ने उसका जाल नदी में फेंक दिया, जिसे पकड़ने के लिए प्रदीप ने नदी में छलांग लगा दी थी, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण वह डूब गया। सूचना पर घर वाले भी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोरों के जरिए प्रदीप की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार की सुबह फिर गोताखोर और ग्रामीण नदी में उतरे, लेकिन बहाव अधिक तेज होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धौरहरा कोतवाली के एसएसआई दिनेश यादव ने बताया कि कल अंधेरा होने के कारण तलाश रोक दी गई थी। शुक्रवार सुबह से तलाश शुरू की गई है। पानी का बहाव तेज होने के साथ ही नदी कटान भी कर रही है। इससे तलाशी अभियान में दिक्कत आ रही है। प्रदीप की पत्नी और चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसएसआई ने बताया कि जांच पूरी न हो पाने के कारण आरोपी मुंशी के खिलाफ अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
--------------------------