निघासन (लखीमपुर खीरी)। बीए का छात्र गुलशन 10 अप्रैल को दोपहर बाद उस समय लापता हो गया था, जब वह घर से सेविंग कराने गया था। पुलिस ने मामले में गुमशुदगी दर्ज की थी। सर्विलांस से लापता युवक की लोकेशन लखनऊ और फिर इलाहाबाद में मिली, जिससे पुलिस यह सोचकर निश्चित हैं कि वह अपनी मर्जी से घूम रहा है, लेकिन परिवार वाले असमंजस में हैं। वजह है, गुलशन का मोबाइल उठाने वाला अजनबी युवक जिस तरह बात कर रहा है, वह कोई मनोरोगी या फिर शातिर अपराधी ही कर सकता है। गुलशन से उसके फूफा और चाचा ने कई बार बात की, लेकिन वह सुबकते हुए सिर्फ इतना कहता है कि इन लोगों ने उसे कमरे में बंद कर रखा है। फिर फोन कट जाता है। परिवार वाले किसी अनहोनी की आशंका से भयभीत हैं।
थाना निघासन के गांव गंगाबेहड़ के मजरा बुद्धापुरवा निवासी श्रवण का 22 वर्षीय पुत्र गुलशन 10 अप्रैल को दोपहर बाद सेविंग कराने के लिए पैदल ही घर से निकला था। अंधेरा होने तक जब वह घर नहीं लौटा तो उसके परिवार वालों ने उसके नंबर पर फोन किया। फोन तो रिसीव हुआ, लेकिन किसी अन्य लोगों के बोलने की आवाज आई। उन लोगों ने सोनारीपुर में होने की बात कही। रात में एक बार फिर फोन रिसीव हुआ। किसी अजनबी ने लखनऊ में होने की बात कही, लेकिन गुलशन से बाद में बात करने को कहकर फोन काट दिया। उसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। शुक्रवार को उसका मोबाइल ऑन होने के बाद आफ होता गया। पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी लिख ली। उसके बाद उसके मोबाइल का लोकेशन निकलवाया तो उसका लोकेशन लखनऊ से रायबरेली होते हुए इलाहाबाद दिखाया। शुक्रवार की शाम को अजनबी ने फिर गुलशन का फोन उठाया, लेकिन उसने अपना नाम नहीं बताया। पहले वह गुलशन के गायब होने की बात कहता रहा, लेकिन बाद में बात करा दी। गुलशन रो रहा था और कह रहा था कि मुझे अंधेरे कमरे में बंद कर रखा है। मुझे बचा लीजिए। उसके बाद फोन कट गया। शनिवार को भी उसके चाचा ने फोन किया तो वह रोने के अलावा कुछ नहीं बता सका। सेलफोन पर लगातार बात होने के बाद भी पुलिस का सर्विलांस सही लोकेशन ट्रैस नहीं कर पा रहा है। इससे परिवार वाले असमंजस में हैं।
फोन उठाने वाला न कर रहा डिमांड न जता रहा नाराजगी
लापता युवक के बाबा श्रीपाल यह सोचकर हैरान हैं कि पोते का फोन अलग-अलग अजनबी लोग उठाते हैं, लेकिन वह न तो कोई डिमांड करतें हैं और न ही नाराजगी जताते हैं। बड़ी असमंजस की स्थिति है, लेकिन किसी तरह गुलशन आ जाए, उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है। वहीं मां किरन देवी और पिता श्रवण का रो-रोकर बुरा हाल है। वह यही बार-बार कह रहे हैं कि पता नहीं किस हाल में बेटे को रखा है। पता नहीं उसने खाना खाया है या नहीं। वह लोग उसके साथ मारपीट तो नहीं कर रहे होंगे।
प्रथम दृष्टया मामला अपहरण का प्रतीत नहीं होता है। प्रारंभिक जांच में युवक के लापता होने की बात सामने आई है, फिलहाल मामले की गुमशुदगी दर्ज की गई है। पुलिस जांच कर रही है। सर्विलांस से लोकेशन ट्रैस नहीं हो पा रही है।
- पूनम, एसपी