शाहजहांपुर। रिश्ते के मामा ने अपने पांच साल के भांजे का फिरौती के लिए अपहरण किया। उसकी हत्या कर शव नाले में फेंक दिया। बच्चे के पिता से उसने 10 लाख रुपये फिरौती मांगी थी। सर्विलांस के जरिए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बच्चे का शव मोहल्ला ख्वाजा फिरोज के नाले से बरामद कर लिया है।
आरसी मिशन थाने का गांव मिश्रीपुर शहर से सटा हुआ है। यहां का मोहम्मद आरिस उर्फ शानू लकड़ी बेचने का काम करता है। उसकी पत्नी शाहीन एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। शाहीन का मौसेरा भाई तारीन गाड़ीपुरा का रहने वाला शहनवाज उर्फ लाला अक्सर उनके घर आता जाता था। आरिस के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब पांच बजे शहनवाज उसके पांच वर्षीय इकलौते बेटे जुहान को जूते दिलवाने के बहाने घर से ले गया। बेटा देर शाम तक घर नहीं आया तो आरिस ने उसके मोबाइल पर कॉल की, लेकिन मोबाइल ऑफ था। शहनवाज और जुहान के बारे में जानकारी करने पर भी शहनवाज और जुहान का कुछ पता नहीं लगा। शनिवार सुबह करीब छह बजे शहनवाज ने अपने पिता शब्बीर को फोन किया। उसने कहा कि आरिस से जाकर कहो कि अगर वह अपने बेटे की सलामती चाहती है तो 10 लाख रुपये का इंतजाम कर ले। 50 हजार रुपये उसकी पत्नी आफरीदा को पहुंचा दे और 10 लाख रुपये सदर बाजार की शांतिपुरम कॉलोनी गदियाना निवासी हशमत उल्ला के घर पहुंचा दे।
बेटे की हरकत देख शब्बीर भी सकते में आ गया। उसे जुहान और शहनवाज के लापता होने की जानकारी दी। सीधे वह आरिस के पास पहुंचा और पूरी बात बताई। इससे आरिस और उसके परिवार में हड़कंप मच गया। उन्होंने थाने पहुंच कर पूरी जानकारी पुलिस को दी। तुरंत ही शहनवाज का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगवा दिया गया। सर्विलांस के जरिए पुलिस ने शहनवाज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने फिरौती के लिए अपहरण और जुहान की गला दबाकर हत्या कर शव नाले में फेंकने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया। आरोपी की पत्नी आफरीन से भी पूछताछ की जा रही है।
अपहरण और हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की निशानदेही पर बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संगीन मामले में जो लोग भी संलिप्त हैं उनकी भी सुरागरसी की जा रही है। कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-दिनेश त्रिपाठी, एसपी सिटी