पुलिस चौकी के पास मोबाइल शॉप से लाखों की चोरी
लखीमपुर खीरी। पुलिस से बेखौफ चोर रोडवेज पुलिस चौकी के निकट सोमवार की रात टिनशेड उखाड़कर एक मोबाइल शॉप में घुस गए और नकदी समेत लाखों रुपये के मोबाइल चोरी कर ले गए। पुलिस चौकी से चंद कदम पर हुई घटना से व्यापारियों में दहशत है। मंगलवार को बड़ी संख्या में मोबाइल दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता के साथ सदर कोतवाली पहुंचे। व्यापारियों ने सीओ सिटी से मिलकर घटना पर रोष जताया और शीघ्र खुलासे की मांग की। उधर पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
मोहल्ला काशीनगर निवासी अंकुश चेतवानी की मोबाइल केयर की शॉप रोडवेज बस स्टेशन के पास है। कुछ ही दूरी पर रोडवेज पुलिस चौकी है। दुकान स्वामी ने बताया कि वह सोमवार की शाम करीब सात-आठ बजे के बीच दुकान बंद कर घर चले गए। सुबह करीब 10 बजे दुकान पहुंचे। दुकान के शटर और चैनल का ताला खोलकर अंदर घुसे तो देखा कि सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। रेक में लगे लाखों रुपये के कीमती मोबाइल गायब थे। बाद में उनकी नजर दुकान की छत पर पड़ी टिनशेड पर पड़ी तो वह उखड़ी हुई थी। दुकान स्वामी का कहना है कि चोर दुकान के पीछे बंद पड़े मकान की छत से आए और दुकान की छत पर पड़ी टिनशेड उखाड़कर घुस गए। इस पर उन्होंने घटना की सूचना सदर कोतवाली पुलिस को दी। खासबात यह है कि इस सड़क पर रात भर आवागमन रहता है। वारदात की खबर जब पुलिस को मिली तो हड़कंप मच गया। तमाम व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए। सीओ सिटी आरके वर्मा, सदर कोतवाल अशोक कुमार पांडेय ने फील्ड यूनिट टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट के फोरेंसिक एक्सपर्ट ने फिंगर आदि के निशान लिए। चौकी इंचार्ज रोडवेज एसपी पांडेय ने बताया कि फील्ड यूनिट को कोई अंगुलियों आदि के निशान नहीं मिले हैं। दुकान पर लगा सीसीटीवी कैमरा भी बंद था। उधर दुकान स्वामी से जब चोरी गए कैश और मोबाइल के बाबत पूछा गया तो उनका कहना है कि अभी सामान का मिलान किया जा रहा है। कितना कैश गया है? कितने के मोबाइल चोरी हुए हैं। यह अभी बता पाना संभव नहीं है। उधर घटना से नाराज शहर के मोबाइल व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में सदर कोतवाली पहुंचे। व्यापारियों ने सीओ सिटी और सदर कोतवाल से घटना को लेकर कड़ी नाराजगी जताई और वारदात के शीघ्र खुलासे की मांग की।
वर्जन....
प्रारंभिक जांच में घटना संदिग्ध लग रही है। फील्ड यूनिट को भी कोई अंगुलियों आदि के निशान नहीं मिले हैं। दुकान स्वामी ने घटना की तहरीर दी है। चोरी गए मोबाइल सेटों के आईएमआई नंबर मांगा है। आईएमआई नंबर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन की जाएगी।
अशोक कुमार पांडेय, सदर कोतवाल