जेई ने ट्रांसफार्मर चोरी कर ले जा रही पिकअप पकड़ी, एक दबोचा
विभागीय पेट्रोल मैन समेत तीन फरार, रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। एलआरपी चौराहा के निकट डबल पोल पर लगे खराब ट्रांसफार्मर को पिकअप में लादकर ले जाने की कोशिश कर रहे एक युवक को अवर अभियंता (बिजली) छाउछ ने पकड़ लिया, जबकि चालक समेत दो लोग फरार हो गए। पुलिस ने पिकअप से 18 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। जेई की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
छाउछ स्थित उपकेंद्र के जेई आरएन मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार की शाम सवा आठ बजे कांट्रेक्टर मुकेश गुप्ता ने सूचना दी कि मोहल्ला श्यामनगर में लखनऊ पब्लिक स्कूल के पीछे डबल पोल पर लगा खराब ट्रांसफार्मर कुछ लोग उतार रहे हैं। स्टाप के अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे तो ट्रांसफार्मर पिकअप में लदा था। खीरी टाउन में तैनात विभागीय लाइनमैन साकिर अली, संविदा कर्मी अजय और मोहल्ला शिवकॉलोनी निवासी मुकेश राजवंशी भी पिकअप के साथ मौजूद थे। जेई को देखते ही पेट्रोलमैन और संविदा कर्मी अजय भाग निकला। उन्होंने पिकअप चालक मोहन सिंह निवासी खुदागंज (शाहजहांपुर) से पूछताछ की तो उसने बताया कि ट्रंसफार्मर खुदागंज ले जा रहा था। एनजीके कंपनी के सुपरवाइजर प्रदीप कुमार शर्मा ने उन्हें ट्रांसफार्मर लाने के लिए भेजा था। जेई ने बताया कि पूछताछ के दौरान मौका पाकर चालक भी भाग निकला। उन्होंने अपने साथियों की मदद से संविदाकर्मी मुकेश राजवंशी निवासी शिवकॉलोनी कोतवाली सदर को दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसका संगठित गिरोह है। एनकेजी कंपनी के सुपरवाइजर प्रदीप शर्मा के बताए स्थान से ट्रांसफार्मर और ट्रांसफार्मर का तेल चोरी कर पिकअप में लादकर प्रदीप कुमार शर्मा को देते हैं। प्रदीप उसे बिक्री कर देता है। इस ट्रांसफार्मर को लदवाने के लिए एडवांस दिया गया 18 हजार रुपये गाड़ी में रखा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जब गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें नकदी और चालक का ड्राइवरिंग लाइसेंस बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया है।
---------
जेई आरएन मिश्रा की तहरीर पर मुकेश राजवंशी, प्रदीप कुमार शर्मा, संविदाकर्मी अजय और पेट्रोलमैन साकिर अली और चालक मोहन सिंह के खिलाफ चोरी समेत कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने पिकअप और ट्रांसफार्मर को कब्जे में लिया है।
- बृजलाल यादव, इंस्पेक्टर सदर कोतवाली