21 एलकेएच 10
पशु चोर गैंग के चार सदस्य पकड़े, सात फरार
घर में बांधकर रखी गई थीं चोरी की चार भैंसें
पशुओं को पिकअप से ले जाने की फिराक में थे
अमर उजाला ब्यूरो
सिंकदराबाद। लंबे समय से पुलिस की आंख की किरकिरी बना पशु चोर गैंग आखिर नीमगांव पुलिस के हाथ चढ़ गया। मंगलवार की रात नीमगांव पुलिस ने गांव बम्हनाबाद के एक घर पर छापा मारकर चार लोगों को दबोच लिया। पुलिस ने मौके से चोरी की चार भैंसें, दो तमंचा और पांच कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की मानें तो आरोपी पिकअप से भैंसों को ले जाने की फिराक में थे। पूछताछ के बाद पुलिस गैंग के फरार अन्य सात सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर नीमगांव संजय कुमार सिंह ने बताया कि वह पुलिस टीम के साथ रात गश्त पर थे। इसी बीच मुखबिर ने सूचना दी कि बम्हनाबाद गांव के दो घरों में चोरी कर लाए गई चार भैंसें बंधी हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर रामाआसरे और लक्ष्मण के घर पर छापा मारा। छापे के दौरान पुलिस ने मौके से थाना मितौली के गांव बसंतपुरवा निवासी सत्तार, अजीज, गांव नीबा टांडा निवासी वाहिद और फरधान थाना क्षेत्र के गांव बेलवा निवासी छोटे को मौके से दबोच लिया। मौके पर बंधी मिली चार भैंसें, दो तमंचा और पांच कारतूस बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद भैंसों में से दो भैंस थाना नीमगांव के गांव बरुई निवासी रामापाल और मितौली के गांव टेड़वा निवासी प्यारेलाल की हैं, जो 19 मार्च की रात चोरी कर यहां बांधी थी। आज इन्हें लखीमपुर शहर की संकटा देवी चौकी क्षेत्र में स्थित एक कांशीराम कॉलोनी निवासी गुड्डू की पिकअप से ले जाना था। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस गैंग में शामिल अन्य फरार सात आरोपी चोरों की तलाश कर रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के अलावा फरार थाना मितौली के गांव बसंतापुरवा मकबूल, नन्हा, हउवा, जवान शेख, नीमगांव के बम्हनाबाद निवासी रामाआसरे, लक्ष्मण और शहर निवासी गुड्डू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार आरोपियों का चालान कर दिया है।