थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव रायपुर में रविवार की सुबह टूटकर गिरे एलटी लाइन के करंट प्रवाहित बिजली के तार पर गांव निवासी चार वर्षीय आमिर का पैर पड़ गया, जिससे वह झुलस गया। घरवाले उसे निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने गांव में शव रखकर प्रदर्शन कर हंगामा किया। ग्रामीण हादसे के लिए बिजली विभाग को दोषी ठहरा रहे थे। सूचना पर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे एसओ ने लोगों को बमुश्किल शांत किया।
शुक्रवार की तड़के गांव की एलटी लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। इसी बीच गांव निवासी इलियास का पुत्र आमिर और दो अन्य बच्चे उधर से निकल रहे थे। आमिर का पैर करंट प्रवाहित तार पर पड़ गया। आमिर और अन्य बच्चों के शोर मचाने पर आमिर के पिता इलियास सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बच्चे को तार से छुड़ाने के प्रयास करने लगे। इस दौरान पिता इलियास को कई झटके लगे। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे मासूम को तार से छुड़ाया और उसे एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां डॉक्टर ने आमिर को मृत घोषित कर दिया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने गांव में ही शव रखकर प्रदर्शन और हंगामा किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि तार टूटकर गिरने के बाद लाइनमैन और जेई को कई बार सेलफोन पर कॉल की, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव ही नहीं की, जिससे हादसा हो गया।
उधर, हंगामे की सूचना पर एसओ नीमगांव संजय कुमार सिंह चौकी सिंकद्राबाद और बेहजम प्रभारियों के साथ मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को समझा कर मामला शांत कराया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
लाइनमैन का मोबाइल चार्जिंग पर लगा था, इसलिए नहीं उठा। जेई ने कॉल रिसीव की थी। जेई को मौके पर भेजा गया है। जांच के बाद पीड़ित परिवार को शासन से मिलने वाली आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।
- मुकेश कुमार, जेई बिजली उपकेंद्र, गोला गोकर्णनाथ