तहसील सदर क्षेत्र के गांव मुर्तिहा में बुधवार की दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग से 14 घर जलकर राख हो गए हैं, जिसमें लोगों का लाखों का नुकसान हुआ है।
गांव निवासी रामऔतार के घर दोपहर को अचानक आग लग गई, तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते गांव के 14 घरों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। गांव में लगी आग से रामगुलाम, विजय, संजय, लक्ष्मण, जानुकी प्रसाद, मीरा, ताराचंद, मनोज, विनोद, प्रमोद, शिवपूजन, सुमित्रा और मनोज कुमार सहित 14 लोगों के घरों में रखा अनाज, बिस्तर, नकदी, चारपाई, बर्तन आदि घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना पर पहुंचे सुरेंद्र सिंह शिंदे, श्याम कनौजिया दमकलकर्मियों की मदद से ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुनील कुमार की सूचना पर पहुंचे लेखपाल जसकरनलाल और कानूनगो सतीशचंद्र मिश्र ने अग्निपीड़ितों की सूची बनाकर मौका मुआयना किया है।
आग से गन्ना जला
रजागंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव लोनियनपुरवा निवासी रामपाल के गन्ने के खेत में बुधवार की रात आग लग गई। जिससे पांच बीघा खेत में खड़ा गन्ना जल गया है। रामपाल ने अज्ञात के विरुद्घ आग लगाने की तहरीर कोतवाली में दी है।
आग लगाकर गन्ना जलाया
मोहम्मदी। कोतवाली क्षेत्र के गांव शंकरपुर छावनी में गन्ने के खेत में रंजिशन आग लगाने से करीब नौ बीघा गन्ना जल गया। गांव के शंकरलाल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसके गन्ने के खेत में गांव के ही कुछ लोगों ने आग लगा दी जिससे उसका करीब नौ बीघा गन्ना जल गया। आग लगने का कारण शराब बनाने के लेकर हुआ विवाद बताया गया है। पीड़ित ने घटना की सूचना कोतवालीज पुलिस को दी लेकिन अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।