तिकुनियां-निघासन। कोतवाली तिकुनियां के गांव चौगुर्जी निवासी एक युवक नेपाल में भैंसा बेंचकर घर वापस आ रहा था। गांव के बाहर तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया और बंधक बनाकर उसकी पिटाई भैंसा बिक्री के 75 हजार रुपये लूट लिए। शनिवार सुबह किसी तरह से वह बंधन मुक्त होकर कोतवाली पहुंचा। आरोप है कि कोतवाल ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गांव चौगुर्जी निवासी सुदर्शन ने बताया कि देश की सीमा पर बह रही मोहना नदी के दूसरी तरफ नेपाल के समीप उसका गांव है। वह नेपाल के टीकापुर में भैंसा बेंचने के लिए गया था। शुक्रवार की शाम को उसकी भैंसा की 75 हजार रुपये में बिक्री हुई। वह पैसा लेकर गांव के लिए रवाना हुआ। आरोप है कि गांव से कुछ दूरी पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया और उसकी पिटाई करते हुए उसको एक पेड़ से बांधकर बिक्री के रुपये छीन लिए। सुबह किसी तरह से वह बंधन मुक्त होकर शनिवार सुबह गांव पहुंचा। गांव से वह कौडियाला घाट होते हुए कोतवाली तिकुनियां गया और वहां पर उसने लूट की तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस उल्टा उसी से पूछताछ करने लगी और बिना रिपोर्ट दर्ज कर उसे भगा दिया। इस संबंध में कोतवाल अजय कुमार ने बताया कि लूट की तहरीर मिली थी। मामला लेनदेन का लग रहा है, जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।