फरधान। थाना क्षेत्र के गांव हिंडोलना में पति की पिटाई से नाराज होकर एक महिला ने शनिवार की सुबह कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और कुंडे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव झकरा सिसौरा निवासी रामदीन ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री मीरा (28) का विवाह सात साल पहले थाना फरधान के गांव हिंडोलना निवासी गुड्डू के साथ किया था। मृतका का पति गुड्डू ट्रक ड्राइवर है और शराब का लती है। नशे की हालत में वह अक्सर मीरा की पिटाई कर देता था। पुलिस ने बताया मीरा कई दिनों से अपने मायके जाना चाहती थी, लेकिन पति उसे जाने नहीं दे रहा था। इसी बात को लेकर होली के दिन भी उसने मीरा को मारापीटा था। मायके जाने के नाम पर शुक्रवार की शाम भी मीरा से उसकी कहासुनी हुई और कई थप्पड़ मार दिए थे। इससे क्षुब्ध होकर मीरा ने शनिवार की सुबह कमरे का अंदर से दरवाजा बंद कर फंदे से लटक कर जान दे दी। परिवार वालों ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचायतनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे भी हैं।
मृतका मीरा का पति ट्रक ड्राइवर है। शराब पीकर कभी-कभार पीट भी देता था। मीरा कई दिनों से मायके जाना चाहती थी, लेकिन गुड्डू जाने नहीं दे रहा था। इस बात पर कल दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिससे क्षुब्ध होकर उसने फांसी लगा ली।
एसएन सिंह प्रभारी निरीक्षक, थाना फरधान