05 एलकेएच 4
उचक्के ने बैंक में व्यापारी
की जेब से 50 हजार उड़ाए
सीसीटीवी फुटेज में तस्वीर कैद, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
सिकंद्राबाद।
सिकंद्राबाद स्थित पंजाब नेशनल बैंक से शुक्रवार को रुपये निकालकर काउंटर पर पासबुक इंट्री करा रहे एक व्यापारी की जेब से उचक्का 50 हजार रुपये निकालकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें उचक्के की तस्वीर कैद हुई है, लेकिन उसका चेहरा साफ नहीं है। पुलिस ने कैमरे की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान कराने की कोशिश शुरू कर दी है।
थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी अजीज अंसारी(50) की कस्बा सिकंद्राबाद चौराहे के कस्ता मार्ग पर बक्से और रुई की बड़ी दुकान है। व्यापारी अजीज अंसारी ने बताया कि उन्हें निजी काम के लिए 50 हजार रुपये की जरूरत थी। इस पर वह शुक्रवार को सुबह करीब 11:30 बजे कस्बे में ही स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा पहुंचे। उन्होंने कैश काउंटर से 50 हजार रुपये प्राप्त किए, जिन्हें जेब में रखकर पास के ही काउंटर पर पासबुक में इंट्री कराने लगे। इसी बीच एक उचक्का उनकी जेब से 50 हजार रुपये निकालकर भाग निकला। उन्हें रुपये गायब होने की जानकारी तब हुई जब वह पासबुक इंट्री कराकर जेब में रखने लगे। जेब से रुपये गायब देख उनके होश उड़ गए। जेब से रुपये निकल जाने की जानकारी मिलते ही बैंक में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पीड़ित व्यापारी की सूचना पर चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। इस दौरान एक युवक चादर ढके हुए व्यापारी के आस पास घूमता दिख रहा है। हालांकि फुटेज में उसका चेहरा साफ नहीं है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लिया है। एसओ नीमगांव संजय कुमार सिंह ने बताया कि फुटेज से उचक्के की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।