मोहम्मदी (लखीमपुर खीरी)। कोतवाली क्षेत्र के गांव गूजरपुर में छोटे भाई से बड़े भाई की कहासुनी हो गई तो छोटे भाई ने बड़े को थप्पड़ मार दिया। इससे क्षुब्ध होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया, इलाज को ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ग्राम गूजरपुर के बाबूराम के पुत्र दिनेश कुमार और अरुण कुमार में आए दिन झगड़ा होता था। गत 30 अगस्त को भी दिनेश और अरुण का विवाद हो गया, विवाद इतना बढ़ा कि छोटे भाई अरुण ने बड़े भाई 30 वर्षीय दिनेश को दो थप्पड़ जड़ दिए। इससे अपने को अपमानित महसूस करते हुए दिनेश ने 31 अगस्त को जहरीला पदार्थ खा लिया जिससे उसकी हालत बिगड़ गई, परिवार के लोग इलाज के लिए उसे लेकर अस्पताल आ रहे थे रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी समेत दो बच्चे छोड़ गया है जिनका रो-रो कर बुरा हाल है।
मृतक की पत्नी गीता देवी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गीता देवी की तहरीर पर उसके देवर अरुण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। मूड़ा निजाम चौकी इंचार्ज पुनीत कुमार का कहना है कि अभियुक्त घर से फरार हो गया है जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।