पुलिस ने शातिर स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है ये शातिर ऐसी जगह स्मैक छिपा कर ले जा रहा था कि कोई सोच भी नहीं सकता। पढ़िए क्या है पूरा मामला।
शातिर स्मैक तस्कर को पुलिस ने बरेली जंक्शन से गिरफ्तार किया है। ये पंजाब की ट्रेन पकड़ने के लिए जंक्शन की तरफ जा रहा था। पुलिस ने संदिग्ध शख्स की तलाशी ली तो सैंडिल के सोल से दो स्मैक की पुड़िया मिली।
पूछताछ में सामने आया कि पंजाब के मालैर कोटला में स्मैक की डिलीवरी देनी थी, लेकिन जंक्शन चौकी इंचार्ज ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी करके कोतवाली लेकर आए। पूछताछ में उसके दो और साथियों के नाम भी सामने आए, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है।
सैंडिल के सोल को खोखला करके 150 ग्राम स्मैक छिपा रखी थी। जंक्शन चौकी इंचार्ज विक्रम सिंह ने स्मैक तस्कर को गिरफ्तार करके कोतवाली लाए, जहां उसने बताया कि वह बदायूं के बिनावर का रहने वाला नसीम पुत्र शरीफ अहमद है।
गांव के एक बाबू नाम के व्यक्ति ने उसको स्मैक की पुड़िया देकर मालैर कोटला में जाकर एक व्यक्ति को देने के लिए कहा था। उसने बताया कि वह व्यक्ति जंक्शन पर उसे खुद ढूंढ लेगा। वह पंजाब की ट्रेन पकड़ने जा रहा था, इससे पहले गिरफ्तार कर लिया गया। अब एक पुलिस टीम पंजाब भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।