मझगईं। शाहजहांपुर जिले के खुटार से बरात में शामिल होकर लौट रहे छोटा हाथी में भीरा-मैलानी के बीच ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में छोटा हाथी में सवार दूल्हे के चचेरे भाई की मौत हो गई, जबकि चालक समेत आठ लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
कस्बा मझगईं के मोहल्ला झन्नापार निवासी रामसिंह के पुत्र मनोज की बरात बुधवार की शाम शाहजहांपुर के कस्बा खुटार गई थी। द्वाराचार कराने के बाद छोटा हाथी पर सवार होकर कई बराती घर लौट रहे थे। छोटा हाथी में दूल्हा मनोज का चचेरा भाई नीरज सिंह (19) भी सवार था। भीरा-मैलानी के बीच सुबह करीब तीन बजे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने छोटा हाथी में टक्कर मार दी। हादसे में दूल्हा मनोज के चचेरे भाई नीरज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रदीप पुत्र रामगोपाल, महेंद्र पुत्र बांके, उमेश पुत्र रामकुमार, हरद्वारी पुत्र छोटेलाल, बीरू पुत्र बलराम, नसरूद्दीन पुत्र कल्लू, चालक दीपक पुत्र रामा और रामकुमार निवासी मझगईं गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव घर वालों को सौंप दिया है।
हादसे ने छीन लीं शादी की खुशियां
मझगईं। भीरा-मैलानी के बीच हादसे में नीरज की मौत होने की खबर जब उसके घर पहुंचे तो घर वालों में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां पल भर में काफूर हो गईं। हादसा जिसने सुना वही अवाक रह गया। मोहल्ला झन्नापार निवासी त्रिलोक सिंह ने बताया कि नीरज चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह इंटरमीडिएट का छात्र था। भाई की मौत से मां रामदेवी, बहन सीमा, भाई त्रिलोक, पवन, राहुल व पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पोस्टमार्टम के बाद जब शाम को शव गांव पहुंचा तो उसके घर में चीख पुकार मच गई।