पलियाकलां। रेलवे विभाग की भूमि पर अवैध तरीके से काबिज अतिक्रमणकारियों के खिलाफ आरपीएफ और जीआरपी ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई का डंडा चलाया। टीम ने दर्जनों अतिक्रमणकारियों से भूमि को कब्जा मुक्त कराते हुए आगे से कब्जा न करने की चेतावनी दी है। दो दुकानदारों के पास कोर्ट से संबंधित अभिलेख होने पर टीम ने उन्हें कुछ नहीं कहा तथा अवैध रूप से काबिज दुकानदारों पर कार्रवाई की।
बता दें कि रेलवे की भूमि पर अतिक्रमणकारियों के द्वारा काफी समय से कब्जा कर रखा गया है। शनिवार को विभाग की ओर से पहुंचे आरपीएफ के चंद्रिका प्रसाद, देवेंद्र कुमार और जीआरपी मैलानी के एसआई माहिर अब्बास जैदी अपनी टीम के साथ पलिया पहुंचे। जहां उन्होंने स्थानीय चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार राय और पुलिस कर्मियों को साथ में लेकर रेलवे की भूमि से अतिक्रमणकारियों को खदेड़ कर भूमि को कब्जा मुक्त कराया। इस दौरान टीम ने कमल चौराहे के पास से माल गोदाम रोड और कोतवाली के पास तक कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने दो बार कब्जा करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी। उधर दो दुकानदारों ने कोर्ट से संबंधित दस्तावेज दिखाए जिस पर उनके खिलाफ टीम ने कार्रवाई नहीं की है।