लखीमपुर खीरी। सरेराह तलवार से किशोरी के हाथ काटने के पीछे जहां कोई बड़ी वजह होना प्रतीत होता है, वहीं कोतवाली पुलिस ने महज छेड़खानी और चार्जर चोरी की बात कह रही है। आलम यह है कि आरोपी की पारिवारिक पृष्ठभूमि आपराधिक होने के बाद भी पुलिस ने उसका आनन फानन में चालान कर दिया। जबकि आरोपी की बहन देह व्यापार के मामले में और हत्या के आरोप में जेल काट चुकी है। आज भी दोनों मामले विचाराधीन हैं। यहां तक कि आरोपी को मीडिया तक से रूबरू नहीं कराया गया। मोहल्ले में इस बात की चर्चा आम है कि आरोपी घायल लड़की को देह व्यापार के धंधे में ढखेलना चाहता था, जिसका वह विरोध करती थी।
निघासन हाईवे पर बुधवार की शाम करीब चार बजे मोहल्ला प्रकाशनगर निवासी रोहित चौरसिया ने 14 वर्षीय किशोरी पर तलवारों से कई हमले किए थे। इससे किशोरी का एक हाथ का पंजा कलाई से कटकर अलग हो गया था। दूसरे हाथ की कलाई के पास और सिर पर गहरे घाव हुए थे। घटना के बाद दहशत व्याप्त हो गई थी। उधर किशोरी को लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां पीड़िता जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। घटना के पीछे असल वजह क्या है? पुलिस 24 घंटे बीतने के बाद भी कुछ नहीं बता रही है। हालांकि पुलिस घटना की वजह महज छेड़छाड़ और चार्जर चोरी की बात कह रही है, लेकिन यह बात किसी के गले नहीं उतर रही है। आरोपी की पारिवारिक पृष्ठभूमि पर नजर डालें तो उसकी बहन देह व्यापार जैसे धंधे में न सिर्फ लिप्त है, बल्कि वह देह व्यापार और हत्या जैसे संगीन मामले में जेल जा चुकी है। वहीं आरोपी रोहित चौरसिया की भी आम सोहबत अच्छी नहीं है। मोहल्ले में हर कोई दबी जुबान यही कह रहा है कि आरोपी इस लड़की को भी देह व्यापार के धंधे में ढकेलना चाह रहा था, जबकि पुलिस इस बात को सिरे से खारिज कर रही है। सदर कोतवाल कुलदीप तिवारी ने बताया कि आरोपी रोहित चौरसिया किशोरी के साथ छेड़छाड़ करता था, जिसका वह विरोध करती थी। इसी बात से नाराज आरोपी ने तलवार से हमला कर उसे घायल कर दिया, लेकिन यह बात किसी के गले नहीं उतर रही है। बुधवार की देर रात पुलिस ने मोहल्ला प्रकाशनगर निवासी किशोरी के मामा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला, अंगभंग और छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। कोतवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस ने आरोपी का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया।
000000000000
...तो कोतवाली पुलिस मामले में लापरवाह बनी रही
शहर कोतवाल कुलदीप तिवारी की मानें तो आरोपी लड़की के साथ अक्सर छेड़छाड़ करता था। वह उसका विरोध करती थी। घर में उलाहना देने के बाद भी वह नहीं माना और गुरुवार को उसने इस घटना को अंजाम दे दिया। सवाल यह है कि स्मार्ट पुलिसिंग और एंटी रोमियो टीम के गठन के बाद उस तक छेड़छाड़ की घटनाओं की जानकारी कैसे नहीं हुई? बीट के सिपाही और इलाके की खबर रखने वाले दरोगा क्या कर रहे थे? इससे प्रतीत होता है कि छेड़छाड़ की घटनाएं होने की बात कहने वाली पुलिस लापरवाह रही। इस मामले की भी जांच होनी चाहिए।
00000000000
कप्तान ने भी माना कोतवाली पुलिस की लापरवाही
एसपी डॉ.एस.चन्नप्पा ने माना है कि मामले में कोतवाली पुलिस की लापरवाही रही। लड़की के सरेराह हाथ काटने की घटना के पीछे कहीं न कहीं पुलिसिया सुस्ती को भी एसपी स्वीकारते हैं। साथ ही कहते हैं कि वह हर पहलू पर जांच करवा रहे हैं। आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि भी उनकी नजर में है। इतना ही नहीं देह व्यापार के धंधे में घसीटने के सवाल पर भी एसपी का कहना है कि यह जांच का विषय है और वह हर पहलू पर विवेचना कराएंगे। मामले में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिली तो संबंधित को बख्शा नहीं जाएगा।
0000000000000000
डेढ़ साल पहले दर्ज हुए थे दो मामले
सदर कोतवाल कुलदीप तिवारी ने बताया कि किशोरी का तलवार से हाथ काटने के आरोपी रोहित चौरसिया की बहन रीशू उर्फ बरखा पर देह व्यापार का पहला मामला 23 जनवरी 15 को सीओ सिटी एमपी सिंह ने दर्ज कराया था। दूसरा मामला आठ अक्तूबर 15 को हत्या का दर्ज हुआ था। मोहल्ला राजगढ़ बरखेरवा निवासी क्षमा अवस्थी ने आरोपी रीशू उर्फ बरखा पर अपनी मां अनीता अवस्थी की हत्या करने का आरोप लगाया था। दोनों मामलों में बरखा जेल गई थी।
0000000000000000000000
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई फुटेज
घटनास्थल के नजदीक एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे ने हमलावर की सारी गतिविधियां कैद कर ली। फुटेज में हमलावर एक किशोर को भी तलवार से दौड़ाता हुआ दिखा है। इसके बाद हमलावर ने किशोरी पर ताबड़तोड़ कई प्रहार किये हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए हैं।
0000000000000
बिटिया के हाथ काटने की घटना से चौतरफा उबाल
लोगों ने उठाई आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग
शहर और गोला में व्यापार मंडल ने दोषी पर की रासुका लगाने की मांग
लखीमपुर खीरी। शहर में बिटिया के हाथ काटने की घटना से चौतरफा उबाल है। शहर में उप्र उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संजय गुप्त ने पदाधिकारियों को डीएम को ज्ञापन सौंपकर पुलिस व्यवस्था दुरुस्त करने और लड़की के हाथ काटने वाले आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की मांग की। वहीं गोला में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के तहत रासुका लगाने की मांग एसपी से की है।
गोला गोकर्णनाथ। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अरुण अवस्थी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने एसपी को संबोधित ज्ञापन कोतवाल दीपक शुक्ला को सौंपकर दोषी के विरुद्घ कठोर कार्रवाई के तहत रासुका लगाने की मांग की है। ज्ञापन में पदाधिकारियों ने कहा है कि यह कृत्य मानवता को कलंकित करने वाला है जघन्य अपराध है। अपराधी को कठोर सजा मिलनी चाहिए। इस मौके पर रवि लोहिया, दुर्गेश सोनी, अमित त्रिपाठी, आमिर खान सईदी, लियाकत हुसैन, अजहर खान, संदीप अवस्थी, संदीप शुक्ला आदि मौजूद रहे।