लखीमपुर खीरी। कोतवाली धौरहरा के गांव गुलरिया निवासी 20 वर्षीय किशन का शव शनिवार की देर शाम तहसील परिसर के अंदर बरामद हुआ। इससे शहर में सनसनी फैल गई। वह शहर की गढ़ी रोड रिस्थत कांशीराम कॉलोनी में अपने बड़े भाई के साथ रहता था। मौके पर पहुंची पुलिस और परिवार वालों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जाहिर की है।
शनिवार की शाम करीब साढ़े आठ बजे किसी ने पुलिस को सूचना दी कि एक शव तहसील परिसर में लगे पेड़ के पास पड़ा है। पुलिस उसे लेकर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शव की शिनाख्त मृतक के बड़े भाई अरुण कुमार ने अपने भाई के किशन के रूप में की।
बड़े भाई अरुण कुमार ने बताया कि किशन सिंह शनिवार की शाम करीब साढ़े छह बजे यह कहकर साइकिल से घर से निकला था कि वह अभी आ रहा है। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। शाम करीब साढ़े आठ बजे खाना खाने के लिए जब उन्होंने केशव को फोन किया तो कॉल पुलिस ने रिसीव की। पुलिस ने उसे बताया कि किशन की मौत हो गई है। उसका शव मोरचरी में है। इससे परिवार में चीखपुकार मच गई। अरुण अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और शव की शिनाख्त की। शव के कपड़ों पर मिट्टी लगी थी। एक पैर के घुटने की पैंट फटी हुई थी। चेहरे पर चोट के निशान थे और सीना दबा हुआ था। परिवार वालों ने जहां हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है, वहीं पुलिस ने भी इस आशंका से इंकार नहीं किया है। पंचायतनामा भरने वाले महेवागंज चौकी इंचार्ज अनिल कुमार सिंह ने बताया कि संभवत: सीने पर अधिक चोट लगने से मौत हुई है। परिवार वालों ने अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
मृतक के पिता केशवराम ने बताया कि उनके पांच पुत्र हैं, जिनमें से चार पुत्र लखीमपुर में ही रहते हैं। छोटा पुत्र केशव कांशीराम कॉलोनी में अपने बड़े भाई अरुण कुमार के पास रहकर प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत सोलर पैनल का प्रशिक्षण ले रहा था। किशन की साइकिल का भी कोई पता नहीं चल सका है।
00000000000000000
कॉल डिटेल से खुलेगा मौत का राज
मृतक के मोबाइल पर शाम 6.46 मिनट से आईं एक ही नंबर से तीन कॉले उसकी मौत का राज खोलने में अहम साबित होंगी। अगर घटनाक्रम पर गौर करें तो किशन घर से करीब साढ़े छह बजे निकला। किशन के मोबाइल पर शाम 6.46 मिनट, 7.13 मिनट और 7.18 मिनट पर कॉल एक ही नंबर से आई है। तीनों बार इस नंबर पर उसकी बात भी हुई है। किशन ने इसी नंबर पर 7.00 बजे, 7.01 बजे, 7.04 बजे और 7.06 बजे कॉल कर बात की। इसके बाद से मोबाइल पर करीब साढ़े आठ बजे उसके भाई अरुण की कॉल आई, जिसे पुलिस ने रिसीव किया। 7.18 बजे तक बात होने से यह साफ हो गया कि किशन की मौत इसके बाद 8.30 के पहले ही हुई है। पुलिस अब सीडीआर डिटेल निकालने की तैयारी कर रही है।
0000000000000000