भीखमपुर। कस्ता भीखमपुर मार्ग पर गुलरीपुरवा के पास बाइक की टक्कर से एक बुजुर्ग गंभीर घायल हो गया। चालक समेत पीछे बैठे अन्य को भी चोटें आई हैं। बुजुर्ग की जिला अस्पताल में इलाज दौरान मौत हो गई।
थाना मितौली के गांव केदारीपुर निवासी 65 वर्षीय भीमसेन वर्मा शनिवार को अपने घर से सेनपुर गांव की बाजार गए हुए थे। वापस पैदल लौट रहे थे। उसी समय भीखमपुर की ओर से आ रही बाइक एचएमटी डीलक्स ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर चालक समेत दो लोग सवार थे। दोनों को भी चोटें आई। मौके पर मौजूद ग्रामीण व प्रधान सेनपुर धर्मेश राठौर ने अपने वाहन से आनन-फानन में बुजुर्ग को मितौली सीएचसी भेज दिया। जहां गंभीर हालत होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके दो पुत्र महेश वर्मा और आशाराम वर्मा हैं दोनों परिवार के साथ ही रहते हैं। ग्रामीणों ने बाइक चालक विजय कुमार सिंह को पकड़कर डायल 100 को सुपुर्द कर दिया।