पिपरिया धनी। कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र के बेलापहाड़ा जंगल के पास मंगलवार की शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों के चालकों की मौत हो गई, जबकि एक बाइक चालक का साथी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस 108 ने घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, युवकों की मौत की खबर जब उनके परिवार वालों को मिली तो घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजे हैं।
कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र के ग्राम मियांपुर कॉलोनी निवासी कामरेश (29) अपने साथी विश्वनाथ (35) के साथ अपनी बाइक से शाम को मूड़ागालिब से धान रोपाई कर अपने गांव वापस जा रहा था। बेलापहाड़ा जंगल के पास सामने से आ रहे रघुनाथपुर निवासी साहब दयाल उर्फ शेरू (36) की बाइक से उसकी बाइक की आमने सामने से टक्कर हो गई। दोनों के पास हेलमेट भी नहीं था। टक्कर इतनी तेज हुई कि दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को मोहम्मदी सीएचसी भेजवाया, जहां से हालत गंभीर होने पर दोनों चालकों को डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लखीमपुर ले जाते समय रास्ते में दोनों चालकों कामरेश और साहब दयाल की मौत हो गई। कामरेश के साथी विश्वनाथ को भी को भी चोटें आई हैं, जिसका इलाज मोहम्मदी में हो रहा है। उधर हादसे में दोनों की मौत की खबर उनके परिवार वालों को मिली तो उनमें कोहराम मच गया। रोते-विलखते परिवार के लोग सरकारी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।