लखीमपुर खीरी। थाना फूलबेहड़ के गांव झखरा पिपरी निवासी अजय कुमार (24) ने सोमवार को जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के पिता का कहना है कि पुत्र अजय की पत्नी मायके से मौसा के घर चली गई थी। इसकी जानकारी उसने अपने पति को नहीं दी थी। इससे नाराज अजय ने पत्नी को डांट दिया था। आरोप है कि घर पर सास के साथ आए पत्नी के मौसा ने पुत्र को अपशब्द कहे और मारने-पीटने की धमकी दी। इससे क्षुब्ध होकर पुत्र ने जहर खा लिया।
थाना फूलबहेड़ के गांव झखरा पिपरी निवासी रामप्रसाद ने बताया कि उनके पुत्र अजय कुमार की शादी तीन साल पहले सदर कोतवाली के गांव सैदापुर (देवकली) से हुई थी। पांच दिन पहले पुत्रवधू सती छह महीने के बच्चे को साथ लेकर अपने मायके चली गई थी। तीन दिन पहले पुत्र अजय ने अपनी ससुराल में फोन किया तो उसे पता चला कि पुत्रवधू अपने मौसा के घर गई है। इस पर पुत्र ने बिना बताए जाने पर नाराजगी जाहिर की थी। सोमवार को अजय कुमार अपनी ससुराल पहुंचा और पत्नी को लेकर घर लौट आया था। छह माह की बच्ची को ननिहाल में ही छोड़ दिया था। सोमवार की ही शाम को पुत्रवधू का मौसा और पुत्र की सास बच्ची को लेकर घर आई। इस दौरान पुत्र और मौसा के बीच बातचीत हो गई। आरोप है कि बातचीत के दौरान मौसा ने पुत्र को काफी अपशब्द कहे और मारने-पीटने की धमकी दी। इससे क्षुब्ध होकर अजय घर से चला गया और जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया है। घर वालों ने अभी किसी के खिलाफ कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी है। प्रभारी निरीक्षक घनश्याम राम ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।