महेवागंज/सुंदरवल।
फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के अग्गर खुर्द गांव में शनिवार रात गली से जबरन मुहर्रम का बाजा निकालने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों में जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा है।
शनिवार को गांव में कुछ लोग मुहर्रम की नवीं का जुलूस गांव की एक गली से निकाल रहे थे। इस पर कुछ लोगों ने एतराज जताया तो ताजियेदारों से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है दोबारा जुलूस न निकालने की धमकी भी दी। रात करीब 10 बजे जुलूस फिर उसी गली से गुजरा तो गांव निवासी रहीस ने रोक दिया। इस पर कयूम पक्ष के लोग भड़क गए। मामला दो गुटों में बदल गया। दोनों गुटो के लोगों में हाथापाई के बाद लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे। धारदार हथियार लगने से महरूफ उर्फ प्रधान(30), तय्यूब(25) और निसार की पत्नी छोटी(40) घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने झगड़ा शांत कराते हुए घायलों अस्पताल भेजा। मामले में पुलिस ने दोनो पक्षों की तहरीर पर एक-दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।