पलिया निवासी एक परिवार के साथ बालाजी के दर्शन करने गया एक युवक सैफई में हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। बुधवार को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि यहीं के निवासी चार लोगों के साथ ही एक हरदोई निवासी युवक गंभीर रूप से घायल है। सभी का इलाज सैफई के मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जिसमें दो लोगों की हालत में सुधार है। यहां बता दें कि कार में दो बच्चों समेत छह लोग थे।
पलिया के मकनपुर रोड निवासी राजन अवस्थी का 37 वर्षीय पुत्र शैलेंद्र उर्फ शीलू अवस्थी अपने दोस्त मोहल्ला बाजार द्वितीय निवासी रूप नारायन गुप्ता के पुत्र रितेश गुप्ता व उसके परिजनों संग बीती 22 सितंबर को बालाजी के दर्शन को गया था। रविवार की देर शाम बालाजी से दर्शन के बाद लौटते समय उनकी वैगनआर कार सैफई में दुर्घटनाग्रस्त होकर डिवाइडर पर चढ़ गई थी। इसके बाद कार दूसरी तरफ जाकर पलट गई थी। हादसे में कार में सवार शैलेंद्र के साथ ही रितेश गुप्ता के परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनको इलाज के लिए सैफई के मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था।
सैफई के मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान ही शैलेन्द्र की बुधवार को मौत हो गई। यह खबर यहां पहुंचते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। देर रात उसका शव पलिया लाया जाएगा, जिसके बाद शुक्रवार को उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पत्नी, बच्चों व साले के साथ अस्पताल में भर्ती हैं रितेश
सड़क दुर्घटना में घायल रितेश गुप्ता अपनी 27 वर्षीय पत्नी सारिका गुप्ता, अपने बच्चों 12 वर्षीय कृष तथा 11 वर्षीय पुत्री ग्रेसी गुप्ता के साथ बालाजी गए थे। रास्ते में उन्होंने सारिका के भाई हरदोई निवासी आशाराम गुप्ता के 20 वर्षीय पुत्र अंकित गुप्ता को भी साथ में ले लिया था।
हादसे के बाद से बेसुध है शैलेंद्र की पत्नी संगीता
शैलेंद्र अवस्थी की शादी 14 साल पहले पुवायां निवासी संगीता से हुई थी। दो बच्चे भी हैं। जिनकी उम्र 10 व सात साल है। पति की मौत से उसकी पत्नी संगीता का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि बच्चों को कुछ भी पता न चले इसलिए उनको रिश्तेदारों के यहां भेजा गया है। वहीं शैलेंद्र को खोकर उसके बूढ़े माता-पिता भी बेहाल हैं।