जिला अस्पताल के चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती एक डेढ़ साल की बच्ची की शनिवार को मौत हो गई। वहीं शनिवार को बुखार पीड़ित चार और बच्चे चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती हुए, जबकि दो बच्चों में एईएस मिलने पर उन्हें आईसीयू वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। शनिवार को सीएमएस ने भी चिल्ड्रन वार्ड पहुंचकर भर्ती बच्चों का हाल जाना।
बुखार आने पर ईसानगर निवासी खड़वामीतमऊ निवासी श्रीकृष्ण ने अपने पांच वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र, लखीमपुर के रेसौउरा निवासी मनोहर ने अपनी दस साल की पुत्री रुचि, गोला के बैकुंठा निवासी अभय प्रताप ने अपनी सात साल की पुत्री सोनम एवं ईसानगर के खमरिया निवासी छोटकऊ ने अपने चार साल के पुत्र अरुण को चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती कराया था। इन चार बच्चों के भर्ती होने से चिल्ड्रन वार्ड शनिवार को फुल हो गया। इस दौरान धौरहरा के उदयपुर निवासी राजेश की एक साल की पुत्री पंक्षी और अरुण में एईएस के लक्षण मिलने पर उन्हें आईसीयू वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। वहीं शनिवार को सीएमएस ने वार्ड पहुंचकर भर्ती बच्चों का हाल जाना। उन्होंने बच्चों के घरवालों से दवाएं आदि मिलने के बाबत पूछताछ भी की।
गांव पडरियातुला में भी तेज बुखार से कई बीमार
गुलरिया। गांव पडरियातुला निवासी कामरेड पीयूष त्रिपाठी एडवोकेट, शिवम् गुप्ता, सूरज राठौर सहित कई लोग तेज बुखार की चपेट में आ गए हैं। कामरेड पीयूष त्रिपाठी समेत तीनों को परिवार के लोग लखीमपुर जिला अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टर ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। इसके अलावा कई लोग बुखार की चपेट में हैं। बावजूद इसके स्वास्थ्य महकमा गंभीर नहीं है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
वार्ड फुल होने की जानकारी मिलने पर चिल्ड्रन वार्ड गया था और बच्चे आने पर उन्हें भर्ती करने में दिक्क्त होगी। वार्ड में बेड्स की संख्या में बढ़ोत्तरी करने का प्रयास किया जाएगा।
- डॉ. अरुण कुमार, सीएमएस