धनगढ़ी-नेपाल। नेपाल के जमुनहा नाका से भारत लाया जा रहा एक करोड़ से ज्यादा रुपये के अफीम दानों से भरा भारतीय नंबर का ट्रक नेपाल पुलिस ने पकड़ा है। चालक और सह चालक भाग गए। ट्रक नेपाल कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
बांके जिला के पुलिस डीएसपी मधुसूदन न्यौपाने ने बताया कि नेपालगंज से जमुनहा नाका होते हुए भारत की ओर जा रहे एक भारतीय नंबर के ट्रक को नेपाल पुलिस ने रोका। ट्रक रोकने पर चालक और सह चालक ट्रक से कूदकर भारतीय सीमा में घुसकर फरार हो गए। तलाशी लेने पर ट्रक में कंटेनर के अंदर अलग से बनाए गए भाग में छिपाकर रखे गए अफीम के दाने के 250 कट्टे बरामद हुए। डीएसपी ने बताया कि पपी सीड को नेट पर सर्च करने पर अफीम का दाना निकला। पप्पी सीड अफीम का बीज होता है, जिसे भारत ले जाकर अफीम की खेती के प्रयोग में लाया जाता है। पकड़े गए अफीम के दाने की प्रति बोरी की कीमत करीब 50 हजार रुपये है। कुल 250 बोरी की एक करोड़ पच्चीस लाख रुपये होती है। जिसका पुलिस ने ट्रक कंटेनर सहित सीजर कर नेपालगंज कस्टम के सुपुर्द कर दिया है। संवाद