मैलानी (लखीमपुर खीरी)। एक कार से पुलिस ने 120 लीटर अवैध शराब बरामद कर शाहजहांपुर के प्रधान पद के प्रत्याशी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर उनका चालान किया है।
प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान यादव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर एसआई प्रवीण कुमार और कांस्टेबल रोबिन सिंह ने ग्राम मक्कागंज से एक कार में पांच गैलन में रखी गई 120 लीटर शराब बरामद कर कार में सवार ग्राम चढारी थाना सिंधौली जनपद शाहजहांपुर निवासी भानु प्रताप सिंह, वीरेंद्र कुमार, राजीव, हरसिंह को गिरफ्तार कर लिया। इन सभी का एक्साइज एक्ट के तहत चालान कर अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दिया। उन्होंने बताया कि जांच में प्रकाश में आया कि गिरफ्तार आरोपी भानु प्रताप सिंह शाहजहांपुर में 29 अप्रैल को होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रधान पद का प्रत्याशी है।
शराब परिवहन में प्रयुक्त कार के पीछे शीशे पर चस्पा स्टिकर पर अजय प्रताप सिंह यादव वार्ड नंबर 40 प्रथम से प्रत्याशी, नि. अध्यक्ष जिला पंचायत लिखा है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह शराब शाहजहांपुर में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदाताओं में खपाने के लिए ले जाई जा रही थी। संवाद