लखीमपुर खीरी। निघासन क्षेत्र के सिंगाही थाने के एक गांव में बोरियों में भरकर आई अवैध शराब और उसकी बिक्री का वीडियो वायरल करने पर एसओ की तरफ से युवक को धमकाने के मामले का आईजी जोन लक्ष्मी सिंह ने संज्ञान लिया है। सोमवार को पांच दिन पुराने मामले में एसपी ने सिंगाही थाने का दौरा कर मामले की पड़ताल की। उन्होंने जांच सीओ निघासन को सौंपी है।
सिंगाही थाना क्षेत्र के युवक देवेंद्र सिंह पुत्र कुलवंत सिंह निवासी बंजरिया फार्म निबौरिया ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 16 मार्च को उसने प्रेमनगर मजरा निबौरिया में एक घर में बोरियों में भरकर आई अवैध शराब का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। युवक देवेंद्र का आरोप है कि मामले में गांव के पूर्व प्रधान ने एतराज जताते हुए उसे पुलिस से झूठा केस लगाकर फंसा देने की बात कही। युवक का आरोप है कि मामले में जब वह सिंगाही एसओ प्रदीप सिंह के पास पहुंचा तो उन्होंने उलटा उसे ही धमकाना शुरू कर दिया और कहा कि वह कौन है और उन्होंने ऐसा वीडियो क्यों बनाया। खबर सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो आईजी ने संज्ञान लिया, जिस पर सोमवार को एसपी विजय ढुल ने निघासन पहुंचकर देवेंद्र के बयान दर्ज करवाए और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
-
सोमवार को मामले का पता चलने पर निघासन जाकर युवक के बयान दर्ज करवाए हैं। मामले की जांच सीओ निघासन को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
-विजय ढुल, एसपी