नेपाल में पकड़े गए शिकारी व बरामद बंदूकें। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
धनगढ़ी (नेपाल)। कंचनपुर जिले में शुक्लाफांटा पार्क में शिकार में शामिल दो शिकारियों को नेपाली सेना और पार्क कर्मियों की संयुक्त टोली ने पकड़ लिया है। पुलिस ने इनके पास से चार बंदूकें बरामद की हैं। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
कंचनपुर जिले में स्थित शुक्लाफांटा राष्ट्रीय निकुंज पार्क की सुरक्षा में तैनात नेपाली सेना के जवानों और पार्ककर्मियों ने संयुक्त रूप से वेदकोट नगर पालिका के तहत दैजी गांव में छापा मारा। दबिश में पुलिस ने तिल बहादुर बुच और राम बहादुर बराल को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर सामुदायिक वन में छिपाकर रखी गईं चार बंदूकें भी बरामद की गई हैं। मझगांव गणपति सेना के प्रमुख सुनील मल्ल ने बताया कि दोनों शिकारी पार्क में लगे कैमरों में कैद हो गए थे। तस्वीर के आधार पर उनकी शिनाख्त होने के बाद सर्च आपरेशन चलाकर उन्हें पकड़ा गया। संवाद