पुलिस गिरफ्त में डीसी रोड पर फायरिंग करने वाले आरोपी। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। चलती कार में फायरिंग करने वाला आरोपी और उसका साथी रसूखदारों का बेहद करीबी निकला। बताया गया कि चालक रमियाबेहड़ के पूर्व ब्लॉक प्रमुख का पुत्र और उसका साथी पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड तीन के एक्सईएन का बेटा है। दोनों सत्तापक्ष के कुछ कद्दावर नेताओं से ताल्लुक भी रखते हैं। मामले में पुलिस ने बरामद कार को सीज करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सीओ सिटी एसएन तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आयुष कुमार वर्मा रमियाबेहड़ के पूर्व ब्लॉक प्रमुख और दूसरा आरोपी पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन का पुत्र दीपक सिंह हैं। आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वीडियो 25 नवंबर का है जब वह लोग एक मित्र के शादी समारोह में गए थे और वापस आते समय रास्ते में सुनसान जगह पाकर अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर और दोनाली बंदूक से कार की खिड़की से हवाई फायर किए थे। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त रिवाल्वर और बंदूक कब्जे में लेली है। सीओ ने बताया कि दोनों असलहों का लाइसेंस आयुष कुमार वर्मा के नाम है। लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, अदालत ने उन्हे जेल भेज दिया। घटना में प्रयुक्त कार को कब्जे में लेकर पुलिस ने सीज कर दिया।
--
क्या था मामला
गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दिख रहे दो युवक लग्जरी कार से रात में सैर सपाटा कर रहे थे। इस दौरान कार चला रहे युवक ने पहले रिवाल्वर से फायरिंग की और फिर दोनाली बंदूक से दो फायर किए। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी विजय ढुल के आदेश पर पुलिस हरकत में आ गई और क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान डीसी रोड निवासी आयुष कुमार वर्मा और दीपक सिंह के रूप में की। यही नहीं पुलिस ने छापा मारकर गुरुवार की रात में ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया था। संवाद