चंदनचौकी (लखीमपुर खीरी)। पलिया से चंदनचौकी जाने वाले रास्ते पर रेलवे क्रॉसिंग के पास नकाबपोश बदमाशों ने सोमवार रात राहगीरों से जमकर लूटपाट की। विरोध करने पर दो लोगों को जख्मी कर दिया। बाद में बदमाश चार लोगों से हजारों रुपये नकद और माल लेकर फरार हो गए। साथ ही सभी राहगीरों को पेड़ से बांध गए, सभी लोग किसी तरह से आजाद हुए और सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है पर अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है।
कोतवाली गौरीफंटा क्षेत्र के अंतर्गत दुधवा-चंदनचौकी मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार रात नकाबपोश बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने सबसे पहले चंदनचौकी मंडी निवासी राहुल पुत्र कालीचरन को क्रॉसिंग के पास हाथ देकर रोका। बाइक रुकते ही पीछे से सिर पर डंडे से वारकर उसे गिरा दिया और बाइक जंगल में डालकर राहुल को बांध दिया। राहुल के पास सात हजार रुपये नकद और मोबाइल था जिसे बदमाशों ने लूट लिया। इसके कुछ देर बाद ढकिया निवासी मनोज को रोककर उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर घायल कर दिया। उसके पास से 13500 रुपये, 14 हजार का एंड्रायड मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल के अलावा चांदी की अंगूठी और घड़ी लूट ली। इसके बाद बदमाशों ने बेरिया निवासी रूपलाल तथा छेदिया निवासी उपनेश को बुरी तरह से पीटा। मारपीट में ज्यादा खून निकलने के कारण बदमाश राहगीरों को पेड़ से बंधा छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह से राहगीर छूटे और सूचना चंदनचौकी पुलिस तक पहुंचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि घटना गौरीफंटा क्षेत्र की है, चार लोगों से लूट हुई है। संयुक्त रूप से दोनों कोतवाली पुलिस घटना की जांच कर रही है।
एसपी ने लिया जायजा, दिए निर्देश
एसपी विजय ढुल चंदनचौकी पहुंचे और पुलिस को घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। उन्होंने चंदनचौकी तथा गौरीफंटा दोनों कोतवाली पुलिस को मामले में तेजी से जांच करते हुए बदमाशों को पकड़ने के निर्देश दिए हैं।
दुधवा के भी खंगाले सीसीटीवी फुटेज
पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए दुधवा नेशनल पार्क के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी चेक किया। संवाद