गोला गोकर्णनाथ-बग्घून। कुंभी ब्लॉक की ग्राम पंचायत सरैयां विलियम में प्रधानमंत्री आवासों की जांच करने गई टीम के सामने वर्तमान और पूर्व प्रधान आपस में भिड़ गए। पूर्व प्रधान ने पुलिस में मारपीट करने की तहरीर दी है।
ग्राम पंचायत सरैयाविलयम के ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि उनकी पंचायत में आवासों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गईं हैं। धन निकल जाने के बाद भी आवास पूर्ण नहीं हो पाए। प्रधान की शह पर कोटेदार भी उपभोक्ताओं को राशन सामग्री नियमित नहीं बांटता है। इस शिकायत पर खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार, एडीओ पंचायत सरदार सिंह राना और ग्राम पंचायत अधिकारी कमलेश कुमार सरैंयाविलयम पहुंचे जहां बीडीओ ने शिकायतकर्ता पूर्व प्रधान श्रीकृष्ण को फोन पर बुलाया। वह शमशाद की दुकान के पास अधिकारियों से बातचीत कर रहे थे तभी वर्तमान प्रधान सर्वेश कुमार ने पूर्व प्रधान को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गए। बाद में वर्तमान प्रधान मौके से भाग गया।
इस घटना से गांव में अफरा तफरी मचने पर जांच करने गई टीम बिना जांच के लौट आई। पूर्व प्रधान श्रीकृष्ण ने अमीरनगर पुलिस चौकी में मारपीट की तहरीर दी है। चौकी प्रभारी लल्ला गोस्वामी ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायत सरैंयाविलयम में आवासों में अनियमितता बरतने की शिकायतों पर वह अपने अधीनस्थों संग जांच को गए थे, जहां वर्तमान प्रधान बेवजह भिड़ गए। कोतवाली मोहम्मदी में प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तहरीर दे दी गई है।
-राकेश कुमार खंड विकास अधिकारी, कुंभी