लखीमपुर खीरी। शहर की पंजाबी कॉलोनी गेट के पास बाइक सवार हमलावरों ने रामनगर कॉलोनी निवासी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी की बाइक ओवरटेक कर रोक ली और उसकी जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड सिर पर मार दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मोहल्ला रामनगर कॉलोनी निवासी विवेक गौड़ ने बताया कि वह एक फाइनेंस कंपनी में कर्मचारी है। वह कार्यालय से घर की तरफ जा रहा था। लखीमपुर शहर स्थित पंजाबी कॉलोनी गेट के पास कोतवाली गोला के पंजाबी कॉलोनी निवासी पुष्पेंद्र मिश्रा उर्फ मानू, यशवर्धन और सचिन ने बाइक आगे खड़ी कर उसकी बाइक रोक ली। मानू के हाथ में लोहे की राड थी। सचिन और यशवर्धन के पास तमंचा था। आरोप है कि तीनों ने उसकी पिटाई की। मानू ने लोहे की राड सिर पर मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। कहने लगे कि अमित सर के विरुद्ध काम करोगे तो तुमको व महावीर को जान से मार देंगे। तुम लोगों की वजह से मेरी नौकरी गई है। तुमको जीने का अधिकार नहीं है। आसपास के लोगों के आने पर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक राजकुमार वर्मा ने बताया कि घायल की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संवाद