बिजुआ के चंद्रपुरा में किशोर के शव मिलने पर पिता से तहरीर लेती पुलिस
- फोटो : LAKHIMPUR
बिजुआ (लखीमपुर खीरी)। भीरा थाना क्षेत्र के चंदपुरा गांव में शनिवार सुबह घर से लापता किशोर का शव देर शाम गन्ने के खेत से बरामद हुआ। घटना की जानकारी पर परिवार वालों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे सीओ और थाना पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार वाले हत्या की आशंका जाहिर कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सब साफ हो सकेगा।
भीरा थाना इलाके के चंदपुरा निवासी रावेंद्र की पत्नी की मौत काफी साल पहले हो चुकी है। दो बेटों में छोटा बेटा धीरज साथ में रहता था, बड़ा बेटा अपनी नानी के घर रहता है। दादी ने धीरज को पाल पोसकर बड़ा किया। धीरज घर पर ही रह कर खेत खलियान देखता था। शनिवार को सुबह सात बजे चाय पी कर वह घर से निकल गया। दोपहर तक वापस नहीं आया तो उसकी तलाश शुरू हुई। परिवार के लोगों ने नाते रिश्तेदारों को फोन करके पूछा कि कहीं धीरज तो नहीं आया है, लेकिन हर जगह से न सुनने के बाद फिर धीरज की तलाश गांव के पास बहने वाली नदी और खेतों में की गई। शाम पांच बजे धीरज का शव उसके खुद के गन्ने के खेत में पड़ा हुआ मिल गया। पिता रावेंद्र शव को खेत से उठाकर घर आए, पुलिस को सूचना दी । सूचना पर कोतवाली प्रभारी थानाध्यक्ष अजय राय, सीओ गोला आरके वर्मा समेत तमाम पुलिस अमला पहुंचा। पिता और परिवार वालों ने गांव के ही लोगों पर हत्या का शक जाहिर किया। दादी चीख चीख कर लोगों के नाम भी लेने लगीं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सब साफ हो सके गा।
गन्ने के खेत में किशोर का शव संदिग्ध हालात में मिला है। पोस्टमार्टम के बाद मौत की वजह साफ होगी। घटना की तहरीर पिता ने दी है जिसमें हत्या अथवा चोट की बात नहीं लिखी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
-अजय राय, एसओ