बांकेगंज। मैलानी थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में शुक्रवार शाम तीन लड़कियों के अपहरण की कोशिश को पुलिस संदिग्ध मान रही है। हालांकि ग्रामीणों ने घटना के समय ही दो वैन कब्जे में ले ली थीं, जबकि एक वैन से तीनों वैन चालक भाग गए थे। जिनमें से भीरा पुलिस ने एक वैन चालक को वैन समेत पकड़ लिया जबकि दो चालक भागने में सफल रहे।
शुक्रवार शाम तीन वैन इंदिरा नगर गांव पहुंची थी। आरोप है कि शौच जा रही तीन लड़कियों को अगवा करने की कोशिश की गई, लेकिन उनके शोर मचाने पर गांव वाले इकट्ठा हो गए। इस पर तीनों वैन चालक एक ही वैन पर सवार होकर भाग गए। दो वैन गांव में ही छुट गई, जिन्हें गांव वालों ने पुलिस के हवाले कर दिया। उधर एक वैन से भागते हुए कथित अपहरणकर्ता भीरा के पास वन विभाग के बैरियर को तोड़ कर जैसे ही आगे बढ़े पुलिस ने उनमें से एक वैन चालक को वैन समेत धर दबोचा। उधर इस मामले में बदनामी के डर से पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देने से मना कर दिया है। जबकि आरोपी का कहना है कि कि पुरानी रंजिश में फसाने के लिए यह नाटक रचा गया है।
थाना मैलानी के इंस्पेक्टर अशोक कुमार यादव का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। लेकिन हाल में हुई प्रदेश में अपहरण की घटनाओं के मद्देनजर पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।