बिझौली। गुरुवार सुबह जमुनाबाद फार्म निकट बाइक पर सवार दो युवक जा रहे थे जिन्होंने साइकिल सवार मजदूर को टक्कर मार दी। जिसमें साइकिल सवार घायल हो गया वहीं बाइक सवारों के पास बोरी में 40 बोतल शराब बरामद हुई। पुलिस ने एक को हिरासत में ले लिया वहीं दूसरा युवक फरार हो गया।
कोतवाली गोला क्षेत्र के गांव रमुआपुर निवासी 35 वर्षीय संतकुमार राजकीय कृषि फार्म जमुनाबाद के प्रखंड एक में दिहाड़ी मजदूर है। गुरुवार की सुबह वह ड्यूटी कर के अपने घर साइकिल से जा रहा था। तभी प्रखंड दो के सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे उसकी साइकिल का अगला पहिया क्षतिग्रस्त हो गया। चीख पुकार सुनकर प्रखंड के चौकीदार, ब्लॉक इंचार्ज आ गए। बाइक सवारों को पकड़ कर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचे दरोगा गजेंद्र सिंह, सिपाही जयभारत साहू, पवन सिंह को देखते ही एक बाइक सवार भाग निकला वहीं दूसरे को पुलिस ने दबोच लिया। जिसमें अपना पता हरजीत सिंह निवासी नकहा कॉलोनी थाना फरधान और भागने वाले का नाम पवन सिंह निवासी नकहा कॉलोनी थाना फरधान बताया। पुलिस ने शराब से भरी बोरी, बाइक कब्जे में ले ली है।