मझगईं। इलाके के गुलरा टांडा में पुलिस हिरासत में ग्रामीण दोदन की हुई मौत के बाद परिजन समेत ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया था। हंगामे की आशंका के चलते शुक्रवार से ही गांव में पुलिस तैनात कर दी गई थी। शनिवार को अंतिम संस्कार के समय कोई हंगामा न हो इसके लिए पीएसी बल को भी बुला लिया गया। सुबह करीब पांच बजे शव को गमगीन माहौल में सुपुर्दे खाक किया गया। शुक्रवार की देर रात से शनिवार की सुबह तक सीओ, इंस्पेक्टर समेत भारी पुलिस बल गांव में मार्च करता रहा।
गुलराटांडा गांव निवासी 60 वर्षीय दोदन को किसी मामले में मझगईं चौकी पुलिस पकड़कर लाई थी। बुजुर्ग की हालत बिगड़ने के बाद शुक्रवार को सीएचसी पलिया में उसकी मौत हो गई थी। सूचना पर परिजन ने मझगईं पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाया था। जिसके चलते ही बुजुर्ग की मौत होने की बात कही थी। गुस्साए लोगों ने पलिया-निघासन रोड पर नौगवां कस्बा में जाम लगा दिया था। इस हंगामे के बीच शुक्रवार की देर रात दोदन का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंच गया था। देर रात से ही सीओ कुलदीप कुकरेती, इंस्पेक्टर भानु प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ गांव में डेरा जमाए रहे। शनिवार को अल सुबह पांच बजे पुलिस व पीएसी की मौजूदगी में शव को सुपुर्दे खाक कराया गया। दोदन का शव दफन होने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। उधर गांव में परिजन में जहां कोहराम मचा हुआ है वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।