निघासन (लखीमपुर खीरी)। ब्लॉक कार्यालय पर इंटरलॉकिंग लगाने को लेकर शुक्रवार को ठेकेदार और बोरिंग टेक्निीशियन में मारपीट हो गई, उस समय बीच बचाव करा दिया गया। बाद में ठेकेदार जब अपने इंटरलॉकिंग ब्रिक प्लांट पर पहुंचे तो एक युवक ने उन पर फायरिंग कर दी। पेट में गोली लगने से वह जख्मी हो गए। उन्हें डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर किया है। अनूप एक ग्राम सेवक पर गोली चलाने का आरोप लगाया है।
गांव महुआ निवासी अनूप (26) का गांव प्रीतमपुरवा के पास इंटरलॉकिंग ब्रिक प्लांट है। वह ब्लॉक में ठेकेदार भी हैं। ब्लॉक परिसर में इन दिनों इंटरलॉकिंग का काम चल रहा है। शुक्रवार को जिस जगह पर इंटरलॉकिंग का काम किया जा रहा था वहां वॉलीबाल भी होता है। ऐसे में एक बोरिंग टेक्निीशियन ने खेल मैदान का हवाला देते हुए इंटरलॉकिंग का विरोध किया। इस पर दोनों में हाथापाई होने लगी। सूचना पर बीडीओ आलोक वर्मा सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और बीच बचाव करा दिया। बाद में अनूप अपने प्लांट पर आ गए। बताया जाता है कि शाम को करीब साढ़े सात बजे एक युवक प्लांट पर पहुंचा और फायरिंग कर दी। एक गोली पेट में लगने से अनूप घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को लेकर सीएचसी आई, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल अनूप ने एक ग्राम सेवक पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। उधर, बीडीओ आलोक वर्मा ने बताया कि ब्लॉक में बोरिंग टेक्निीशियन और ठेकेदार के बीच कहासुनी हुई थी। गोली चलने की उन्हें जानकारी नहीं है। प्रभारी निरीक्षक भानुप्रताप सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, इसके बाद ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।