लखीमपुर खीरी। शहर से सटे एक गांव के दो युवक गांव की दिव्यांग महिला को अपने घर में खींच ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने पति की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि वह बुधवार को अपने बच्चे को दवा दिलाने जिला अस्पताल आया था। घर पर 30 वर्षीय पत्नी अकेली थी। दोपहर करीब एक बजे पत्नी दुकान पर सामान लेने जा रही थी। रास्ते में गांव के ही दो युवकों ने पत्नी को दबोच लिया और अपने घर में खींच ले गए, जहां दोनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मार देने की धमकी दी। पति जब घर पहुंचा तो उसने आपबीती बताई। आरोप है कि आरोपियों ने उसके पति को भी धमकी दी कि यदि रिपोर्ट दर्ज कराई तो उसे जान से हाथ धोना पड़ेगा। वह पीड़ित पत्नी को लेकर सदर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को पूरी बात बताई। पीड़िता के पति ने दोनों आरोपियों जग्गू यादव और रंजीत को नामजद कर पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पति की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह नहीं मिले। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।