पलियाकलां। पंजाब से आ रही एक बस के कंडक्टर व उसमें यात्रा कर रहे एक यात्री ने कुछ दबंग लोगों पर सीट को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि उक्त लोगों ने कंडक्टर के साथ ही यात्री के रुपये लूट लिए और मोबाइल भी छीन लिया। इसकी तहरीर थाने में दी गई है।
संधू बस सर्विस के कंडक्टर सरबजीत सिंह ने थाने में दी गई तहरीर में कहा है कि वह पंजाब के अंबाला से वापस आ रहा था। इस दौरान सीट को लेकर यात्री मंदीप सिंह से किसी अज्ञात व्यक्ति का विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा की दोनों में गाली-गलौज होने लगी। आरोप है कि अतरिया रेलवे क्रॉसिंग के पास जब बस पहुंची तो उक्त लोगों ने कंडक्टर सरबजीत सिंह व यात्री मंदीप सिंह से मारपीट शुरू कर दी। सीट को लेकर दोनों के बीच विवाद था। मामला निपटाने की कोशिश की गई लेकिन दबंग लोग कंडक्टर सरबजीत सिंह के लगभग 12 हजार रुपये व यात्री मंदीप सिंह के दो-तीन हजार रुपये लूटने के साथ ही मोबाइल भी छीन ले गए। मामले में दोनों की तरफ से पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। उधर, यात्री मंदीप सिंह ने बताया कि अतरिया के कुछ लोगों से उसका सीट को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद बस जब अतरिया क्रॉसिंग पर पहुंची तो वहां पर कई लोग मौजूद थे जिन्होंने मारपीट के बाद लूटपाट की है।