लखीमपुर खीरी। थाना फूलबेहड़ पुलिस ने बरेली निवासी एक बैंक के कलेक्शन एजेंट के साथ हुई लूटपाट के मामले में पांच लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि गैंग लीडर समेत तीन लुटेरे पुलिस के हाथ नहीं लगे। पुलिस ने लुटेरों के पास से नकदी, लूटा गया बैग आदि सामान बरामद किया है।
पुलिस लाइंस सभागार में एसपी पूनम ने बताया कि 28 नवंबर 19 को बदमाशों ने थाना फूलबेहड़ क्षेत्र में भारत फाइनेंस इंकलूज लिमिटेड इंडसैड बैंक के थाना इज्जतनगर (बरेली) के मठ लक्ष्मीपुर निवासी कलेक्शन एजेंट मोहनलाल से लखीमपुर-पलिया मार्ग पर 68,673 रुपये की नकदी से भरा बैग लूट लिया था और बाइक से भाग निकले थे। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। एसपी ने बताया कि खुलासे में क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम को भी लगाया गया था। बृहस्पतिवार की रात गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना फूलबेहड़ प्रभारी निरीक्षक एसएन सिंह और चौकी इंचार्ज सुंदरवल दिनेश कुमार यादव ने अग्गरखुर्द तिराहे के पास से थाना फूलबेहड़ के गांव अग्गरखुर्द निवासी वकील, कयूम, सुंरदवल निवासी पप्पू, इरफान और कोतवाली गोला के अलीगंज निवासी पिंकू उर्फ पवन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया बैग, 36 हजार रुपये नकद, दो तमंचे, कारतूस, एक चाकू और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। एसपी पूनम ने बताया कि गैंग लीडर थाना गोला के गांव भुड़वाड़ा निवासी लाल मोहम्मद, उसके साथी अलीगंज निवासी जितेंद्र और भुड़वारा निवासी लाला कुरैशी फरार है। पुलिस फरार लुटेरों की तलाश कर रही है। सभी लुटेरों के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसपी ने प्रभारी निरीक्षक फूलबेहड़ और उनकी टीम की सराहना की।