लखीमपुर खीरी। महिलाओं को झांसा देकर गहने उतरवाकर रफूचक्कर होने वाले गिरोह के गिरफ्तार युवक का पुलिस ने मंगलवार को चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।
शहर में महिलाओं को झांसा देकर उनके पर्स और गहने लेकर ठगों के भागने की घटनाएं हो रहीं थीं। इससे पुलिस काफी परेशान थी। 19 नवंबर को भी दो ठगों ने सब्जी मंडी से घर वापस जा रही मोहल्ला मोतीनगर कॉलोनी निवासी उर्मिला देवी को रास्ते में रोक लिया था। झांसा देकर उनकी पर्स और सोने की चेन ले ली थी और भाग निकले थे। पर्स में 19 सौ रुपये की नकदी थी। पुलिस ने महिला के बेटे हिमांशु बाजपेई के तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से फुटेज निकलवाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान विजय अवस्थी निवासी शाहपुर थाना लहरपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पीड़ित महिला से पहचान कराई। महिला ने भी आरोपी की शिनाख्त की है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया है।