सिकंद्राबाद। सिकंद्राबाद-लखीमपुर मार्ग पर पंचर खड़ी गन्ना भरी ट्रॉली में सोमवार की देर शाम एक बाइक पीछे से घुस गई। हादसे में बाइक सवार दंपती घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने महिला के पति को मृत घोषित कर दिया।
सिकंद्राबाद-लखीमपुर मार्ग पर अमेठी चौराहा के पास गन्ना भरी ट्रॉली पंचर हो गई। चालक ने ट्रॉली सड़क पर ही खड़ी कर दी और जग के सहारे ट्रॉली का पहिया खोला उसे बनवाने ट्रैक्टर लेकर चला गया। लखीमपुर की ओर से आ रही बाइक ट्रॉली में पीछे से घुस गई। हेलमेट लगाकर बाइक चला रहे थाना नीमगांव के गांव तेंदुआई निवासी दिनेश कुमार (45) और उनकी पत्नी शकंतुला (42) गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची सिकंद्राबाद चौकी पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने दिनेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। उधर हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने ट्रॉली को कब्जे में लिया है। ट्रॉली मालिक का पता किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।