निघासन। दो गांवों के तीन घरों से चोर करीब एक लाख का सामान चुरा ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस एक पीड़ित की बंदूक साथ ले गई। पीड़ित का भाई चौकी पहुंचा तो खिसियाई पुलिस ने उसे ही बैठा लिया, जिसे छह घंटे बाद छोड़ा।
गांव करमूपुरवा निवासी घूरे खां ने बताया कि रविवार रात दरवाजे पर ताला लगाकर घर के बाहर सोए हुए थे। परिवार के अन्य सदस्य बरामदे में सो रहे थे। रात करीब एक बजे ताला तोड़कर घुसे चोर 1500 रुपये, दो मोबाइल और लाइसेंसी बंदूक उठा ले गए। बाद में बंदूक को घर के बाहर डाल दिया और भाग निकले। दूसरी घटना इसी गांव निवासी फल विक्रेता शमशाद के घर हुई। चोर एक पेटी सेब, दो मोबाइल उठा ले गए। पड़ोस के गांव जुम्मन पुरवा निवासी सलीमुद्दीन के घर पीछे की दीवार फांदकर चोर अंदर घुस गए। बक्शे में रखी तीन हजार रुपये, सोने के टाप्स, मटरमाला, सोने की जंजीर, चांदी की पायल, मोबाइल, आठ जोड़ी कपड़ा आदि सामान चोरी कर लिया। चोरी की सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज राहुल सिंह करमूपुरवा पहुंचे। छानबीन करने के बाद घूरे खां की लाइसेंसी बंदूक लेकर चौकी आ गए। कुछ देर बाद घूरे खां का पुत्र नसीम खां जब चौकी पहुंचे तो उसे बैठा लिया। करीब छह घंटे हिरासत में रखने के बाद उसे छोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। लाइसेंस आदि चेक करने के लिए बंदूक चौकी पर लाई गई थी। नसीम को पूछताछ के लिए रोंका गया था। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
- राहुल सिंह, चौकी इंचार्ज झंडी