बांकेगंज। ब्लॉक मुख्यालय की ग्राम पंचायत ग्रंट नंबर 10 में बकाया बिजली बिल का भुगतान न करने पर पावर कॉरपोरेशन ने बिजली कनेक्शन काट दिया है। जिससे 40 मजरों की करीब 20 हजार आबादी के सामने पेयजल का संकट उत्पन्न हो गया है।
बता दें कि ग्राम पंचायत ग्रंट नंबर 10 पर पावर कॉरपोरेशन का करीब दो लाख रुपये का बिल बकाया है। पावर कॉरपोरेशन की चेतावनी के बावजूद ग्राम पंचायत ने बकाया बिजली बिल जमा नहीं किया। जिसके देखते हुए पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने यह ठोस कदम उठाया। मालूम हो कि ग्राम पंचायत ग्रंट नंबर 10 में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए बांकेगंज कस्बा के मोहल्ला श्यामपुर और मोतीपुर में जल निगम के दो ट्यूबवेल लगे हैं। जल निगम दोनों ट्यूबवेल ग्राम पंचायत के हैंडओवर कर चुका है। इनके बिजली बिल का पंचायत विभाग से भुगतान किया जाना है। दोनों ट्यूबवेलों पर लगे मोटरों से करीब 40 मजरों की करीब 20 हजार आबादी को पेयजल आपूर्ति की होती है। पंचायत विभाग के बकाया बिजली बिल अदा न करने पर रविवार दोपहर पावर कॉरपोरेशन की टीम ने दोनों ट्यूबवेलों के कनेक्शन काट दिए। जिससे कस्बा सहित आसपास के गांवों में पेयजल आपूर्ति बंद हो गई। एडीओ पंचायत गोवर्धन प्रसाद राणा ने बताया कि बांकेगंज ब्लॉक क्षेत्र की पंचायतों में पेयजल आपूर्ति के लिए लगे ट्यूबवेलों का जो भी बिजली बिल है उसके भुगतान के लिए शासन को पत्र लिखा गया है।
पावर कारपोरेशन के निर्देश पर जिले में इन दिनों बकाया बिजली बिल वसूली अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी बकायेदारों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। बकाया जमा होने पर ही कनेक्शन जोड़े जाएंगे।
आरडी यादव, अधीक्षण अभियंता, पावर कॉरपोरेशन गोला।